Bundelkhand: 20 साल में पहली बार BJP ने सबसे ज्यादा 21 सीटों पर लहराया परचम; भार्गव लगातार 9वीं बार जीते
BJP Seats in Bundelkhand: बुंदेलखंड में बीजेपी ने 20 साल में पहली बार बीजेपी ने 21 सीटें जीतकर रिकॉर्ड बना दिया है। वहीं, पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में कांग्रेस ने अपनी पांच सीटों को गंवा दिया है। वहीं, भाजपा नेता गोपाल भार्गव ने लगातार नौवीं बार जीत हासिल कर अपना कद बढ़ा लिया है।
मध्य प्रदेश के सागर संभाग अथवा बुंदेलखंड में 20 साल में पहली बार भाजपा ने सबसे ज्यादा 21 सीटों पर जीत हासिल कर अपना परचम लहराया है। कांग्रेस यहां पांच सीटों पर ही सिमट गई। अगर 2018 की बात करें तो कांग्रेस को पांच सीटों का नुकसान हुआ है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी को सात सीटों का फायदा हुआ है। भाजपा ने बसपा-सपा से एक-एक सीट छीन ली, बुंदेलखंड में 26 विधानसभा सीटें हैं।
गोपाल भार्गव ने लगातार 9वीं बार हासिल की जीत
बुंदेलखंड में सबसे बड़ी जीत मंत्री गोपाल भार्गव ने दर्ज की है। रहली विधानसभा सीट से 1984 से लगातार जीतते आ रहे हैं। उन्होंने नवमी बार 72800 मतों से जीत हासिल की है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और इंदौर से विधायक रमेश मेंदोला के बाद भार्गव ने सबसे ज्यादा वोट से जीतने का रिकॉर्ड बनाया है। उन्हें 130916 वोट मिले जबकि उनके सामने चुनाव लड़ रहीं ज्योति पटेल को 51765 मत मिल पाए। गोपाल भार्गव ने 2013 में 51765 वोट से जीत का खुद का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
तीनों मंत्री जीते, दो विधायकों ने बनाया लगातार चार बार जीतने का रिकॉर्ड
सागर जिले की आठ विधानसभा सीटों में से सात पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल की है। वहीं, एक सीट कांग्रेस के खाते में गई है। जिले के तीनों मंत्रियों ने जीत हासिल की है। गोपाल भार्गव नवमी बार जीते तो वहीं भूपेंद्र सिंह, गोविंद सिंह राजपूत ने लगातार तीसरी बार जीत हासिल की है। वहीं, भाजपा ने इस बार बंडा और देवरी से कांग्रेस की दोनों सीटों पर जीत हासिल कर अपना कब्जा जमा लिया। कांग्रेस के दोनों विधायक हार गए। लेकिन भाजपा बीना सीट बचाने में कामयाब नहीं रही। विधायक महेश राय कांग्रेस प्रत्याशी निर्मला सप्रे से चुनाव हार गए।
दमोह-पन्ना में नहीं खुला भाजपा का खाता
दमोह जिले की चारों सीटों पर भाजपा ने ऐतिहासिक जीत हासिल की। यहां से पूर्व मंत्री जयंत मलैया चुनाव जीत गए। वहीं, बसपा की दबंग विधायक रामबाई परिहार चुनाव हार गईं। जबेरा-हटा विधानसभा में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का भी असर नहीं दिखा, यहां भाजपा ने जीत हासिल की है। वहीं, पन्ना जिले में कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल पाई जिले की तीनों सीटों पर भाजपा का कब्जा रहा।
टीकमगढ़ में कांग्रेस को दो, छतरपुर में एक सीट मिली
टीकमगढ़ जिले में भाजपा को इस बार नुकसान हुआ है। यहां की तीन सीटों में से दो सीटें बीजेपी हार गई। मंत्री राहुल सिंह लोधी और विधायक राकेश गिरी गोस्वामी चुनाव हार गए। छतरपुर में पांच सीटों पर भाजपा को जीत मिली। वहीं, एक सीट कांग्रेस के खाते में भी गई, बड़ा मलहरा सीट से कांग्रेस की प्रत्याशी राम सिया लोधी ने राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त भाजपा प्रत्याशी प्रदुम्न लोधी को हरा दिया।
0 टिप्पणियाँ